चमधार स्लाइडिंग जोन बनेगा यात्रा सीजन में मुसीबत का सबब

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर से करीब आठ किमी. की दरी पर ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चमधार स्लाइडिंग जोन बरसात में यात्रा के दौरान मुसीबत का कारण बना रहेगा। हालांकि यहां पर एनएच लोनिवि की ओर से मार्ग का चौड़ीकरण कर पहाड़ी से आने वाले मलबे के ट्रीटमेंट का कार्य किया गया है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रहा है।
इसके अलावा ऑलवेदर रोड के तहत उफल्डा से श्रीकोट तक राजमार्ग का चौड़ीकरण न होने से जाम की स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। यात्रा शुरू होने से पहले ही उक्त स्थान पर वाहनों का दबाव अत्यधिक संख्या में दिखने लग गया है। जिसके कारण पौड़ी चुंगी से लेकर एजेंसी मोहल्ला तक करीब दो किमी. की दूरी में वाहनों को आसानी से पार कराने में मुसीबतें होने लग गई हैं। इसको देखते हुए यहां पर यात्रा काल में जाम की स्थिति बनी रहने की पूरी आशंका है। एनएच लोनिव के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर एनएच प्रशासन की तैयारियां पूरी हैं। कहा कि चामधार के पास भूस्खलन जोन सक्रिय है, उसके लिए एनएच की ओर से जेसीबी आपरेटरों को तैनात किया जाएगा। साथ ही बरसात के दौरान चौबीस घंटे ही यहां पर मशीनें रहेंगी। कहा एनएच में हुए अतिक्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया जाएगा। जिससे जाम की स्थिति से भी निपटा जा सकेगा। (एजेेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *