चमोली जिपं उपाध्यक्ष का कांग्रेस से इस्तीफा

Spread the love

चमोली। 2022 के चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को एक और झटका लगा है। चमोली जिले में कांग्रेस पार्टी से लम्बे समय से जुड़े रहे जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी को देहरादून में अपना इस्तीफा सौंपा।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को लिखे इस पत्र में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने अपना गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए लिखा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली रजनी भण्डारी व उनके पति पूर्व मंत्री राजेन्द्र भण्डारी द्वारा मुझे धमकाने के साथ मेरा शोषण किया जा रहा है। अगर मैं क्षेत्र के विकास की बात करता हूं तो जिला पंचायत सदस्यों से मेरे खिलाप अविश्वास प्रस्ताव में हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। मीडिया के माध्यम से मेरी छवि को धूमिल किया जा रहा है। साथ ही मुझे बीजेपी का मोहरा कहा जा रहा है। उन्होंने लिखा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा रजनी भण्डारी को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाते समय मेरे साथ कुछ शर्तें रखी गयी थी। उन शर्तों के आधार पर मैं उनके सामने बात रखता हूं तो पूर्व मंत्री राजेन्द्र भण्डारी द्वारा मुझे जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद से हटाने के लिए दबाव की राजनीति की जा रही है। पत्र में उन्होंने लिखा कि यह पत्र लिखते हुए मेरे आंखों में आंसू आ रहे हैं कि जिस पार्टी की मैंने कई समय से सेवा की आज मुझे उस पार्टी से इस्तीफा देना पड़ रहा है। उन्होंने लिखा कि जब मेरे राजनीतिक गुरु ड़ अनुसुया प्रसाद मैखुरी का निधन हुआ था मुझे तभी लग गया था कि आज पार्टी के लिए मेरा द्वारा करा धरा बेकार हो गया है। आज वास्तव में मुझे इस बात का आभास हो गया है, जिससे मैं आज कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *