चमोली। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (एनएच) ने चमोली-ऊखीमठ-कुंड हाईवे का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। हाईवे पर जगह-जगह कॉजवे, मंडल में जड़ी-बूटी शोध संस्थान से आगे हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने के साथ ही डामरीकरण कार्य भी शुरू हो गया है। केदारनाथ की तीर्थयात्रा करने के बाद अधिकांश श्रद्धालु इसी मार्ग से होते हुए बदरीनाथ धाम की यात्रा पर जाते हैं। विगत वर्षों में भूस्खलन और भूधंसाव के चलते हाईवे बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। कांचुलाखर्क से चोपता तक मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और पुश्ते क्षतिग्रस्त पड़े हुए हैं। चमोली जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी के निर्देश पर एनएच ने हाईवे सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। ग्वाड़ गांव के समीप हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्से में पुश्ता निर्माण और जगह-जगह नाली निर्माण कार्य किया जा रहा है।