दिल्ली में बारिश की संभावना, हिमाचल और हरियाणा में पारा शून्य के करीब पहुंचा

Spread the love

नईदिल्ली,। दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर जारी है। हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह कोहरे की धुंध छाने से दृश्यता प्रभावित हुई है। आईएमडी ने 23 और 26 दिसंबर को दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। इससे प्रदूषण कम होगा।
मैदानी इलाकों में हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के भुंतर में तापमान शून्य पहुंच गया।राजस्थान औऱ मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की सर्दी है। राजस्थान के करौली में तापमान 1.3 डिग्री दर्ज हुआ। सीकर और झुंझनू में पत्तों पर बर्फ जमी दिखी।माउंट आबू समेत 5 शहरों में पारा 4 डिग्री और मध्य प्रदेश के 12 शहरों में तापमान 8 डिग्री से नीचे है।
आईएमडी ने संभावना जताई है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान औऱ झारखंड में कोहरे से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। यहां शीतलहर भी चलेगी।आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना है।जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में पारा शून्य के नीचे माइनस में है। यहां झरने और नदियां जमती दिख रही हैं। श्रीनगर में तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस है। लद्दाख के कारगिल में तापमान माइनस 13.5 डिग्री सेल्सियस है।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *