जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सोशल मीडिया पर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के कोटद्वार पहुंचकर दीपक से मिलने की पोस्ट वायरल हो रही थी। जिसे देखते हुए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली थी। गुरुवार को कोटद्वार के कौड़िया चैक पोस्ट को छावनी में तब्दील कर दिया गया। लेकिन, देर शाम तक भी चंद्रशेखर कोटद्वार नहीं पहुंचे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमें सीमाओं पर तैनात है।
मालूम हो कि, 26 जनवरी को कोटद्वार में एक दुकान का नाम बदलने को लेकिन विवाद हो गया था। 31 जनवरी को बड़ी संख्या में कोटद्वार पहुंचे बजरंगदल व विश्व हिंदू परिषद के युवक कोटद्वार पहुंचे और मामले से सबंधित युवक दीपक के जिम के बाहर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला। लेकिन, अब भी सोशल मीडिया पर कई लोग मामले को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। एक दिन पूर्व ही सोशल मीडिया पर भीम आर्मी चीफ व सांसद चंद्रशेखर आजाद के कोटद्वार पहुंचे की पोस्ट वायरल हुई। इसके बाद शहर में हरिद्वार, पौड़ी सहित अन्य स्थानों की पुलिस को बुलाया गया। गुरुवार को भारी पुलिस फोर्स को उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा पर तैनात कर दिया गया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों की तलाशी ली। साथ ही पार्टी का झंडा लगाकर चलने वाले वाहनों में बैठे लोगों से सख्ती से पूछताछ की। वहीं, लालढांग-चिल्लरखाल में भी पुलिस फोर्स तैनात किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस गंभीरता से कार्य कर रही है।