चंद्रशेखर आर घोड़के ने संभाली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा की जिम्मेदारी

Spread the love

अल्मोड़ा। रविवार को चंद्रशेखर आर. घोड़के (आईपीएस) ने जनपद अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद पहुंचने पर उन्होंने पुलिस कार्यालय में सलामी लेने के बाद विधिवत रूप से पदभार संभाला। इससे पूर्व वह बागेश्वर में पुलिस अधीक्षक तथा ऊधमसिंह नगर में अपराध एवं यातायात के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचयात्मक बैठक की और इसके बाद मीडिया से पहली औपचारिक बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, यातायात व्यवस्था में सुधार, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाना और नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। इसके लिए जनजागरूकता अभियानों को भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीम वर्क के माध्यम से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *