जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ दिन पूर्व जहां तेज धूप ने गर्मी का एहसास करवा दिया था। वहीं, शुक्रवार को हुई बारिश ने एक बार फिर ठंड को वापस लौटा दिया है। पूरे दिन होती रही बारिश के कारण लोग घरों में दुबके रहे। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
मार्च के साथ ही गर्मी भी अपना रूप दिखाने लगी थी। लेकिन, शुक्रवार को अचानक मौसम बदला और लोगों ने अपने गरम कपड़ों को एक बार फिर बाहर निकाल दिया। पूरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। कई स्थानों पर नालियों चौक होने के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। बारिश के कारण बाजार में भी लोगों की बहुत कम भीड़ नजर आई। वहीं, बारिश से आम की बौर को काफी नुकसान हुआ। आम की बौर झड़ने के कारण काश्तकारों की चिंता बढ़ गई। वहीं, कई अन्य फसलों के लिए बारिश संजीवनी मानी जा रही है।