बदला मौसम, केदारनाथ में बर्फबारी और चमोली में बारिश से बुझी जंगलों की आग

Spread the love

देहरादून । उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। केदारनाथ सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई तो वहीं चमोली में बारिश होने से जंगल की आग से राहत मिली।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ओलावृष्टि हुई। पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल में भी कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ीं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मैदानों में झोंकेदार हवा चल सकती है। जबकि, रविवार रात से मौसम फिर करवट बदल सकता है। इससे पर्वतीय इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
सोमवार और मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है।
केदारनाथ में बर्फबारी हुई। चमोली में भी मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद बारिश और हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। बारिश से एक ओर जहां तपती गर्मी से निजात मिली। वहीं, जंगलों में लगी आग भी बुझ गई। जिससे वन विभाग ने राहत की सांस ली।
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित हर्षिल घाटी, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में कई घंटे हल्की बारिश जारी रही। गुरुवार रात को भी हर्षिल और गंगोत्री घाटी में बारिश हुई थी।
राजधानी देहरादून में शुक्रवार को भी दिनभर चिलचिलाती धूप खिली रही। जिससे लोग गर्मी से बेहाल हो गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताई थी। मैदानों में अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *