डाक कांवड़ को लेकर टै्रफिक प्लान में किया बदलाव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नीलकंठ कांवड़ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक का वन-वे सिस्टम लागू कर दिया है। कांवड यात्रा के दूसरे चरण में डाक कांवड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया गया है। हालांकि आकस्मिक सेवा में लगे वाहन आदि को हालत के अनुरूप ट्रैफिक प्लान से छूट दी जाएगी। टै्रफिक प्लान में स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों को किसी तरह असुविधा ना हो इसका भी ध्यान रखा गया है। बताया कि नीलकंठ मंदिर में आने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहन ऋषिकेश, तपोवन, ब्रह्मपुरी होते हुए आरटीओ चेक पोस्ट तिराहा से गरूड़ चट्टी, मोहन चट्टी, पीपलकोटी होते हुए जिला परिषद बैरियर के आसपास बनी पार्किंग में पार्क किए जा रहे है। इसके बाद पैदल नीलकंठ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु जाएंगे। मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के वाहन वापसी में जिला परिषद की पार्किंग से पीपलकोटी होते हुए गरूड़ चट्टी और हिल बाईपास, बैराज बाईपास से होते हुए बैराज से ऋषिकेश की ओर या वाया चीला होते हुए हरिद्वार की ओर भेजे जाएंगे। पैदल मार्ग पर यात्रा करने वाले श्रद्धालु जानकी पुल व रामझूला से बाघखाला, मौनी बाबा आश्रम, पुण्डरासू होते हुए मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे। वापसी भी इसी रूट से करते हुए जानकी पुल से ऋषिकेश की ओर जाएंगें। अधिक भीड़ होने पर जानकी पुल से केवल पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की वापसी होगी, लेकिन प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जानकी पुल से स्थानीय पास धारक, स्कूली बच्चे, असहाय व्यक्तियों, बीमार आदि के दुपहिया वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि आकस्मिक सेवा में लगे वाहन आदि को हालत के अनुरूप इस प्लान से छूट दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *