जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मौसम में बदलाव की वजह से बच्चों को खांसी, जुकाम व सांस की दिक्कतें हो रही हैं। वहीं बुजुर्गों में भी दिल की बीमारियां बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। इमरजेंसी में हर दिन करीब 80 से 90 मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो पौड़ी व आसपास के इलाकों में जहां दिन में तेज धूप है, वहीं सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए इसी उतार चढ़ाव से बच्चे और आम लोग बीमारी पड़ रहे हैं।
त्योहारों के चलते अवकाश पर चल रहे विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। चिकित्सकों की मानें तो बच्चों में जहां खांसी, जुकाम और सांस की दिक्कतें हो रही हैं। वहीं बुजुर्ग भी सीने में दर्द व दिल की बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। ईएमओ डॉ. शाहरूख अली व सर्जन डॉ. मयंक चौहान ने बताया कि मौसमी बीमारियों के चलते हर रोज करीब 80 से 90 मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिनका उपचार इमरजेंसी में किया जा रहा है। बताया कि बीमारों में करीब 60 फीसदी बच्चे शामिल हैं। जबकि सीने में दर्द और दिल की बीमारियों के भी 3 से 4 मरीज पहुंच रहे हैं। बताया कि मौमस में बदलाव के चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को पोषणयुक्त आहार लेने व गर्म पानी इस्तेमाल करने की सलाह दी है।