परिवर्तन यात्रा को प्रदेश के लोगों को जमकर समर्थन मिल रहा है: हरदा

Spread the love

रुद्रपुर। कांग्रेस ने भाजपा को हटाने और गलत नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकालकर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा परिवर्तन यात्रा को प्रदेश के लोगों को जमकर समर्थन मिल रहा है। खटीमा से शुरू हुई कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा चौथे दिन देर शाम गदरपुर पहुंची। इससे पूर्व वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेश शर्मा और अविनाश शर्मा ने गदरपुर के गुमसानी गांव में प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
सोमवार को गदरपुर अनाज मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा गदरपुर से हमारा पुराना नाता रहा है। हमें सोचने की आवश्यकता है एक पीढ़ी निकल गई, लेकिन गदरपुर से कांग्रेस का एक विधायक नहीं देखा। इस हालात को बदलना होगा। उन्होंने गदरपुर तहसील क्षेत्र से सभी वरिष्ठ कांग्रेसियों से कहा यदि यह सब लोग एक साथ जोर लगा दें तो कांग्रेस का यहां से सूखा समाप्त हो जाएगा। इस बार 2022 की कांग्रेस की प्रदेश सरकार और 2024 की कांग्रेस की केंद्र सरकार बनाने में योगदान दें। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में जन सैलाब उमड़ रहा है। इससे स्पष्ट है लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। उन्होंने कहा सत्ता में बैठे बड़े-बड़े लोगों ने प्रदेश की जनता से जो वायदे किए उनमें से एक भी पूरा नहीं किया।यहां कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद गोदियाल, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज बेहड़, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रंजीत रावत, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जीतराम, सह प्रभारी दीपिका पाण्डे, सह प्रभारी राजेश धर्मानी, राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, जसपुर विधायक आदेश चौहान, सुरेशी शर्मा, अविनाश शर्मा, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, रीना कपूर, ममता हाल्दार, शिल्पी अरोरा, राजेन्द्र पाल सिंह, सुभाष बेहड़, प्रीत ग्रोवर, विजय सुखीजा, वरुण कपूर, सिद्धार्थ भूसरी, नासिर हुसैन, गुरविंदर सिंह, शादाब पाशा, जितेन्द्र शर्मा, नारायण हाल्दार, जगन्नाथ सरकार, मनु चौधरी रहे।
प्रदेश पहले रोजगार में प्रथम था अब बेरोजगार में बना नंबर वन
गदरपुर। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा पहले उत्तराखंड रोजगार देने में नंबर एक था, लेकिन अब बेरोजगारी में नंबर एक हो गया है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है। पहले रसोई का बजट दो हजार रुपये था, वह अब बढ़कर छह हजार रुपये हो गया है। सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपये पहुंच गई है। सरसों का तेल 60 रुपये से दो सौ रुपये हो गया है। 22 हजार नौकरी खाली हैं। किसान धरने पर बैठे हैं। इस दौरान उन्होंने एकजुट होकर जन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
ढाई घंटे विलंब से पहुंची परिवर्तन यात्रा
गदरपुर। परिवर्तन यात्रा को डेढ़ बजे गदरपुर सरदार नगर चक्की पर पहुंचना था। यहां से रैली की शक्ल में यात्रा गदरपुर अनाज मंडी सभा स्थल में पहुंचनी थी। इसके लिये कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ गदरपुर प्रवेश द्वार धर्म कांटा में मौजूद थी। वहीं, भारी पुलिस बल भी तैनात किया था। करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद भी यात्रा के नहीं पहुंचने पर धीरे-धीरे कार्यकर्ता खिसकने लगे। इधर, गुमसानी गांव में उनका स्वागत करने की सूचना पुलिस को मिली यात्रा अब सीधे सभा स्थल पर पहुंचेगी। इसके बाद कार्यकर्ता रैली की शक्ल में सभा स्थल पहुंच गये। करीब साढ़े चार बजे पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला सभा स्थल पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *