रुद्रपुर। व्यापारी संगठन युवा शक्ति ने प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल कार्यकारिणी से पिछले कार्यकाल का आय व्यय का ब्यौरा मांगने पर व्यापार मंडल के पूर्व पदाधिकारी पर अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवा शक्ति ने चुनाव संचालन समिति को ज्ञापन देकर व्यापार मंडल की पिछली कार्यकारिणी से आय व्यय का ब्यौरा देने की मांग की। जनवरी में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद व्यापार मंडल के शीर्ष नेतृत्व ने नगर में चुनाव कराने की घोषणा की थी। चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। चुनाव संचालन समिति ने 30 जून तक सदस्यता अभियान व जुलाई माह में चुनाव कराने की घोषणा कर दी। इधर चुनाव से पहले व्यापारियों ने व्यापार मंडल की पूर्व कार्यकारिणी से आय व्यय के ब्यौरे की मांग शुरू कर दी। व्यापारियों का आरोप है कि आय व्यय का ब्यौरा मांगने पर व्यापार मंडल का पूर्व पदाधिकारी उनके प्रतिष्ठान पर जाकर अभद्रता कर रहा है। सोमवार को व्यापारी संगठन युवा शक्ति ने चुनाव संचालन समिति के सदस्य राजेन्द्र अरोरा ने ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि एक व्यापारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापार मंडल की पूर्व कार्यकारिणी से नगर के सभी व्यापारियों के समक्ष आय व्यय के ब्यौरे की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल कोष में व्यापारियों से लिए गए पैसे के आय व्यय के ब्यौरे को जानने का सभी व्यापारियों को हक है। इससे बौखलाए पूर्व पदाधिकारी ने व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर उससे अभद्रता की। युवा शक्ति ने पूर्व व्यापार मंडल पदाधिकारी के व्यवहार को तानाशाही करार देते हुए उससे माफी की मांग की। युवा शक्ति ने पूर्व पदाधिकारी के माफी नहीं मांगने पर व्यापार मंडल से उसकी आजीवन सदस्यता समाप्त करने की मांग की। उन्होंने चुनाव संचालन समिति से नगर में निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सोनू गुप्ता, राजीव अग्रवाल, राम अवतार अग्रवाल आदि थे।