चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, पंजीकरण को जुट रही भीड़

Spread the love

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की आमद बढ़नी शुरू हो गई है, जिससे ऋषिकेश में स्थापित ऑफलाइन पंजीकरण काउंटरों भी यात्रियों की रजिस्ट्रेशन के लिए कतारें लग रही हैं। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की यात्रियों को लेकर रवाना होने वाली बसों की संख्या में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से निर्भर व्यवसायियों के चेहरे भी मुस्कान नजर आ रही है। सोमवार को चारधाम ट्रांजिट एवं पंजीकरण काउंटर पर सुबह से ही धामों के रजिस्ट्रेशन के लिए यात्रियों की भीड़ दिखी। केंद्र में स्थापित 24 काउंटरों पर कतारों में लगकर यात्रियों ने पंजीकरण कराया। यात्रा बस अड्डे पर भी छह रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर यात्री कतारों में दिखे।इनमें ज्यादातर यात्री हरियाणा, यूपी, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, नेपाल व गुजरात के शामिल थे। शाम तक 5,474 यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका था। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक वाईके गंगवार ने बताया कि कांउटरों के अलावा आश्रम-धर्मशालाओं में भी मोबाइल रजिस्ट्रेशन टीम जा रही है। यात्रियों का वहीं पंजीकरण कर दिया जा रहा है, जिससे ट्रांजिट केंद्र में भी उन्हें आना नहीं पड़ रहा है।
अभी तक रोटेशन की जा चुकी 260 बसें: सोमवार को संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की 27 बसों में 945 यात्री चारधाम के लिए रवाना हुए। जबकि, अभीतक 260 बसों में 8,300 यात्री धामों के लिए जा चुके हैं। रविवार को सर्वाधिक 41 बसें चारधाम के लिए ऋषिकेश से निकली थी। रोटेशन प्रभारी नवीन तिवाड़ी ने बताया कि तीर्थयात्रियों के लिए नौ निजी परिवहन कंपनियों ने दो हजार से ज्यादा बसों की व्यवस्था की है। बुकिंग पर सभी यात्रियों को बसों की सुविधा दी जा रही है। समिति के पास यात्राकाल के लिए पर्याप्त बसें हैं।
पांच लाख यात्री कर चुके दर्शन: चारधाम दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों में गजब का उत्साह नजर आ रहा है। रोजाना यात्रियों के जत्थे ऋषिकेश से आस्थापथ पर रवाना हो रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण कर भी यात्री धामों के लिए हर दिन आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा प्रशासन संगठन के मुताबिक यात्रियों की आमद में लगातार बढ़त दर्ज की जा रही है। अभीतक 5,50,505 यात्री बदरी-केदार और गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। संगठन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को जुटाया गया है। उनके लिए यात्री पड़ाव की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें ठहरने के साथ ही अन्य सुविधा भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *