जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : चारधाम यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। चारधाम यात्रा के लिए जनपद से चिकित्सकों सहित 229 स्वास्थ्य कार्मिकों की तैनाती की गई है। ये सभी कार्मिक रोटेशन के आधार पर यात्रा मार्गों पर सेवाएं देंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए जिले के स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके लिए श्रीनगर और देहरादून के मेडिकल कॉलेजों को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पहला चरण 27 और 28 मार्च को संपन्न हो चुका है जबकि दूसरा चरण एक व दो अप्रैल और छ:-सात अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 49 चिकित्सक, 42 महिला नर्सिंग अफसर, 28 फार्मेसी अधिकारी व नर्सिंग अफसर, 84 नर्सिंग अफसर, आठ एक्स-रे तकनीशियन, 14 लैब तकनीशियन के साथ ही एक फिजिशियन व तीन हड्डी रोग विशेषज्ञ चारधाम यात्रा ड्यूटी में तैनात रहेंगे।