श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा से पहले हेली सेवा के किराये में बढ़ोतरी हो सकती है। अभी किराया करीब 1,000 रुपये है जिसमें 500 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। श्रीनगर के स्वीत हेलिपैड से संचालित हेरिटेज एविएशन की सेवा देहरादून से शुरू होकर टिहरी, श्रीनगर और गौचर तक संचालित हो रही है। हेरिटेज एविएशन की यह फ्लाइट देहरादून से उड़ान भरकर पहले टिहरी, फिर श्रीनगर और अंतत: गौचर पहुंचती है। वापसी में भी यही मार्ग है। वर्तमान में गौचर व टिहरी तक उड़ान का किराया 1,000 रुपये है, जबकि देहरादून-गौचर रूट के लिए 3,000 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) निर्धारित है। सभी टिकट ऑनलाइन बुक होते हैं। श्रीनगर प्रभारी अभिलाष पटवाल के अनुसार अभी हेली सेवा एक विशेष ऑफर के तहत संचालित की जा रही थी, लेकिन चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए कंपनी किराये में बढ़ोतरी कर सकती है। ईंधन व अन्य परिचालन लागत बढ़ने के कारण भी दरों में संशोधन पर विचार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार शॉर्ट फ्लाइट के किराये में लगभग 500 रुपये तक की वृद्धि हो सकती है जिससे यह 1,000 रुपये से बढ़कर 1,500 रुपये या उससे अधिक हो सकता है। (एजेंसी)