चारधाम यात्रा: पहले दिन 1.45 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराए

Spread the love

देहरादून। चार धाम यात्रा के लिए पहले दिन 1.45 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराए। सबसे अधिक केदारनाथ धाम के लिए 47426 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराए। बदरीनाथ धाम के लिए 43471 पंजीकरण हुए। वेब पोर्टल से 142587 और मोबाइल एप के जरिए 2916 श्रद्धालुओं के पंजीकरण हुए।
केदारनाथ, बदरीनाथ के अलावा गंगोत्री धाम के लिए 27098 श्रद्धालुओं ने पहले दिन पंजीकरण कराए। यमुनोत्री धाम के लिए 26471 पंजीकरण हुए। हेमकुंड साहिब के लिए 1037 श्रद्धालुओं ने ही पंजीकरण कराया। पहले दिन गुरुवार शाम चार बजे तक 145503 हुए पंजीकरण से उम्मीद यही जताई जा रही है कि इस बार चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या का एक नया रिकॉर्ड बनेगा। पिछले साल सभी धामों में 48 लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे थे।
श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग ने जारी की सलाह
चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग ने सलाह जारी की है। साफ किया कि यात्रा से पूर्व आधार प्रमाणित पंजीकरण अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन में सही मोबाईल नम्बर दर्ज कराया जाए। धामों पर दर्शन को टोकन जरूर प्राप्त किए जाएं। यात्रा के दौरान अपने साथ पर्याप्त ऊनी कपड़े, छतरी, रेनकोट को जरूर रखा जाए। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान सटीक स्वास्थ्य जानकारी प्रदान की जाए। वरिष्ठ नागरिक यात्रा से पहले अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं। दवाई लेने वाले श्रद्धालु प्रचुर मात्रा में अपने साथ दवाई का स्टॉक रखें। यात्रा मार्ग पर विभिन्न पड़ावों पर विश्राम करते हुए ही यात्रा पर आगे बढ़ें। ताकि जलवायु अनुकूल हो सके। अस्वस्थ महसूस करने पर आगे यात्रा को न करें। यात्रा मार्गों को साफ सुथरा रखने को गंदगी न फैलाई जाए। धामों को साफ रखने में सहयोग किया जाए। वाहनों की गति को नियंत्रित रखते हुए वाहनों को सही स्थानों पर ही पार्क किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *