मशीन के लिए लोन दिलाने का झांसा दे फर्नीचर व्यापारी से साढ़े तीन लाख की ठगी

Spread the love

देहरादून(। फर्नीचर स्टोर के मालिक को उसके ही कारीगर ने लोन दिलाने का झांसा देकर 3.55 लाख रुपये से अधिक की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोटड़ा, प्रेमनगर निवासी सुरेंद्र धीमान की विश्वकर्मा फर्नीचर के नाम से दुकान है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फरवरी 2025 में सोनू धीमान निवासी तिवाया थाना गागलहेड़ी जिला सहारनपुर उनके पास बतौर कारीगर काम करने आया था। सोनू ने अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों से जल्द ही सुरेंद्र का विश्वास जीत लिया। उसने दावा किया कि वह अपने एक परिचित के जरिए दुकान की मशीनें खरीदने के लिए बैंक से लोन दिला देगा। सुरेंद्र उसके झांसे में आ गए। आरोप है कि 11 फरवरी 2025 से तीन अक्तूबर 2025 के बीच सोनू ने लोन प्रक्रिया और अपनी जरूरतों के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 4,25,100 रुपये ले लिए। लेनदेन यूपीआई और सुरेंद्र की पत्नी सोनिया के एटीएम कार्ड के माध्यम से किया गया। जब सुरेंद्र ने मजदूरी का हिसाब किया तो पता चला कि सोनू की कुल दिहाड़ी केवल 69,500 बनती थी। शेष 3.55 लाख रुपये लोन और सस्ती मशीन न मिलने पर वापस मांगे। आरोप है कि बीते नौ दिसंबर को फोन पर रकम मांगने पर सोनू ने सुरेंद्र को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने साक्ष्य के तौर पर व्हाट्सएप चैट और बैंक स्टेटमेंट पुलिस को सौंपे हैं। एसओ प्रेमनगर कुंदन राम ने बताया कि शिकायत पर आरोपी सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *