कोटद्वार-पौड़ी

सोने की चेन के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल की लक्ष्मणझूला पुलिस ने सोने की चेन के साथ मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूर्व में चार महिलाओं को भी गिरफ्तार किया था।
जनपद पौड़ी गढ़वाल की एसएसपी पी. रेणुका देवी ने बताया कि विगत 27 जुलाई 2021 को पीयूष जोशी पुत्र देवेंद्र जोशी निवासी सी-57 न्यू भारत नगर भिवानी, हरियाणा ने थाना लक्ष्मणझूला में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी कि 26 जुलाई को 3-4 अज्ञात महिलाओं द्वारा उनकी माँ श्रीमती सुनीता जोशी के गले से सोने की चेन छीनकर चोरी कर ली गयी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 392 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला प्रमोद कुमार उनियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा अथक प्रयास एवं पतारसी  सुरागरसी कर 27 जुलाई 2021 को अभियोग में संलिप्त 4 महिला ममता पत्नी विनोद, कमलेश पत्नी भीम सिंह, पूजा पुत्री रोहित, सुमन पत्नी गोलू निवासी मौहल्ला राम कॉलोनी, थाना सदर, जिला रिवाड़ी, हरियाणा को नीलकंठ टैक्सी स्टैण्ड के समीप से गिरफ्तार किया था। अभियोग में मुख्य आरोपी वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक मनोज गैरौला के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना की गयी थी। पुलिस टीम द्वारा वांछित अभियुक्त गोलू कुमार पुत्र महेश कुमार निवासी रणिया मंडी, जिला सिरसा, हरियाणा को ऋषिकेश बस अड्डे के मुख्य द्वार के पास से चोरी की गई सोने की चेन के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अभियुक्तगण शातिर किस्म का अपराधी हैं, जो कि गैंग बनाकर चोरी की संगीन घटना को अंजाम देते हैं। अभियुक्तगणों के अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, कांस्टेबल राकेश नेगी, रोहित शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!