मुख्य विकास अधिकारी ने किया मिलेट बेकरी यूनिट का औचक निरीक्षण

Spread the love

महिला स्वावलंबन को तकनीकी प्रशिक्षण व यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को ग्राम सन में ग्रामोत्थान एवं उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित उन्नति स्वायत्त सहकारिता नारी अंतर्गत संचालित मिलेट बेकरी सी.बी.ओ. लेवल एंटरप्राइज का औचक निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चल रही ऐसी यूनिटें महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बेकरी यूनिट के संचालन, प्रबंधन तथा उत्पादन प्रक्रिया का विस्तृत अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने बेकरी यूनिट में कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी कार्य प्रणाली, आर्थिक लाभ, चुनौतियों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, मार्केट लिंकेज तथा ब्रांडिंग की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। सीडीओ ने कहा कि इस प्रकार की इकाइयाँ महिलाओं को घर-गृहस्थी के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार प्रदान कर रही हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्राम स्तरीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामोत्थान परियोजना रुद्रप्रयाग को निर्देशित किया कि बेकरी यूनिट में कार्यरत सभी महिलाओं को उचित तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। एकरूपता एवं पहचान सुनिश्चित करने हेतु सभी महिलाओं के लिए यूनिफॉर्म तैयार की जाए। बाजार की मांग को देखते हुए यूनिट को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन हेतु निरंतर तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बेकरी यूनिट को 5 किलोग्राम घी के बिस्कुट तैयार करने का डिमांड ऑर्डर भी दिया गया, जो स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *