भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला : मुख्यमंत्री
सीएम ने लिया संतों एवं महात्माओं का आशीर्वाद
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिपुर कलां हरिद्वार में हरि सेवा आश्रम के वार्षिकोत्सव, दशहरा महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिभाग किया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया तथा आरती एवं पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने संतों व महात्माओं का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र करते हुये कहा कि उनके नेतृत्व में आज पूरा देश तेजी से विकास कर रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री इस समय कई देशों के प्रवास पर हैं, जिस देश में भी वे जा रहे हैं, वहां उत्सव हो रहा है तथा भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है। मुख्यमंत्री का हरि सेवा आश्रम पहुंचने पर पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम तथा पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया।
मुख्यमंत्री ने समारोह में उन्हें आमन्त्रित करने के लिये आभार प्रकट करते हुये कहा कि श्रीमद्भागवत जैसे पुण्य कार्य में सहभागी होने का उन्हें अवसर प्रदान किया। कहा कि आज इस पावन अवसर पर हम यहां किसी के बुलावे पर न आकर उस ईश्वर की असीम कृपा की वजह से यहां पहुंचे हैं। उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद जी का जिक्र करते हुये कहा कि स्वामी जी ने अपना जीवन राष्ट्र, धर्म तथा संस्कृति को समर्पित किया है। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल का जिक्र करते हुये कहा कि भारत ने कई देशों को कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति करके लाखों लोगों की जान बचाई है तथा वैक्सीन के पैकिंग के डिब्बों के माध्यम से विश्व बन्धुत्व-सर्वे भवन्तु सुखिन:, सर्वे सन्तु निरामया का सन्देश दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जो सम्पूर्ण मानव मात्र व पूरे विश्व की चिन्ता करता है। महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री का गऊ, गंगा, सन्त तथा सैनिकों के प्रति विशेष लगाव है। कहा कि इस संसार में जिन्होंने भी बड़े-बड़े जन-कल्याणकारी कार्य किये हैं, विनम्र बनकर ही किये हैं, उसी तरह पुष्कर सिंह धामी भी हैं, जो विनम्रता के साथ बड़े-बड़े जन-कल्याणकारी निर्णय ले रहे हैं। इस अवसर पर महन्त दुर्गादास जी, महामण्डलेश्वर ललितानन्द गिरि, महामण्डलेश्वर जगदीश दास जी महाराज, गोविन्ददास जी महाराज, महन्त कमलदास जी महाराज, प्रहलाद दास जी महाराज, भारत माता के प्रबन्ध न्यासी आईडी शर्मा, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानन्द, पूर्व विधायक लक्सर संजय गुप्ता, झबरेड़ा पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, विक्रम भुल्लर, रमेश शास्त्री, नन्दलाल, प्रो. हेमलता, जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पीएल शाह, एसडीएम पूरण सिंह राणा, सिटी मजिस्ट्रेट सुश्री नूपुर वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी मनीष दत्त, पुलिस, प्रशासन के अधिकारीगण, पदाधिकारीगण, सन्त समाज सहित श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित थे।