मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों के पोछे आंसू, कहा राज्य प्रभावितों के साथ खड़ा

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल के आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचे सीएम धामी
आपदा आने के 24 घंटे के भीतर क्षेत्र में पहुंचे सीएम धामी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पौड़ी जनपद के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से उनका हालचाल पूछते हुये क्षति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावितों के आंसू पूछते हुए आश्वस्त किया कि सरकार हर समय उनके साथ हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी न हो। इससे पूर्व उन्होंने हेलीकाप्टर से थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।


विगत दिनों हुई अतिवृष्टि से जनपद में जान माल की हानि हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के साथ सीधे पौड़ी जिले के आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे। हेलीकाप्टर से भरसार हैलीपैड में उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से आपदा प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने नौठा में बुरांसी के आपदा प्रभावित और अन्य ग्रामीणों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित महिलाओं के आंसू पोछते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी खुद को अकेला न समझे और पूरा राज्य पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावितों के पुनर्वास एवं विस्थापन की कार्यवाही त्वरित गति से की जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से हुई क्षति का आंकलन करवाए जाने के साथ-साथ सर्वप्रथम ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की कार्यवाही प्रारंभ की जाय। कहा कि प्रशासन तत्परता से लोगों की मदद करे, जिससे जनजीवन सामान्य हो सके। साथ ही कहा कि वाडिया इंस्टीट्यूट को सर्वे करने के लिए कहा जाएगा। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्यमंत्री का आभार करते हुए कहा कि पुनर्वास के लिए एक समिति बनाई जाएगी। बताया कि जिन लोगों के दुकानो,ं मकानों को क्षति पहुंची है, उनके लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि क्षेत्र में प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर ली गई है और राहत सामग्री और धनराशि वितरित की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि हर गांव तक प्रशासन की टीम पहुंच रही है और किसी को भी राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

टूटे, पथरीले रास्ते भी नहीं रोक पाए मुख्यमंत्री के कदम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैंजी गांव में पैदल ही क्षतिग्रस्त रास्ते से गुजरते हुए आपदा प्रभावित परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और त्वरित गति से राहत कार्य हेतु आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों ने प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर शरण ली है।

मोबाइल मेडिकल यूनिट्स नियमित रूप से भ्रमण करें
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर्र ंसह धामी ने निर्देश दिए कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट्स नियमित रूप से भ्रमण करें, ताकि बीमार, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों तथा विशेष रूप से प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार समय से मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार किट और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों को दिये आर्थिक सहायता के चेक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गुरूवार को मुख्यमंत्री पुष्कर्र ंसह धामी ने ग्राम सैंजी और ग्राम बुरांसी के आपदा पीड़ितों को आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किये। सोलह आपदा पीड़ितों को आवासीय भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने पर प्रति पीड़ित को 01 लाख 30 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी गई है। जबकि मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता दी गई है।


जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आपदा के कारण पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त ग्राम सैंजी के 15 परिवारों/भवन स्वामियों प्रभा देवी, नीलम सिंह भंडारी, भगत सिंह भंडारी, पवन सिंह भंडारी, विमला देवी, शाखा देवी, पवेली देवी, विमल सिंह, दीवान सिंह, रविन्द्र सिंह, जसवंत सिंह, गोपाल सिंह, मनोज सिंह, कृपाल सिंह व हेमराज सिंह को मुख्यमंत्री पुष्कर्र ंसह धामी ने प्रति/भवन स्वामी 01 लाख 30 हजार रुपये के चेक वितरित कर आर्थिक सहायता प्रदान की। जबकि ग्राम बुरांसी में आपदा के कारण जान गंवाने वाली महिला आशादेवी पत्नी प्रेम सिंह के परिजनों/वारिसों अनिल सिंह व शुभम सिंह, विमला देवी पत्नी बलवंत सिंह के परिजनों/वारिसों विक्रम सिंह व दीपक सिंह को 02-02 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। बुरांसी गांव के केशर सिंह पुत्र अमर सिंह के आवासीय भवन पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त होने पर 01 लाख 30 हजार रुपये आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *