मुख्यमंत्री ने कहा सरकार अंकिता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध

Spread the love

अंकिता भंडारी के परिजनों से की मुलाकात, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का दिया भरोसा
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पौड़ी के श्रीकोट में अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्ट ट्रेक कोर्ट में सुनवाई कराते हुए अंकिता के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की धनराशि भी प्रदान की।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी जनपद अंतर्गत श्रीनगर के डोभ श्रीकोट गांव पहुँचे और अंकिता के परिजनों से भेंटकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मामले की जांच को डीआईजी पी. रेणुका देवी के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की गई है जिसने अपनी जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हत्याकांड के तीनों आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और जांच में जिन भी लोगों की भूमिका संदेह के दायरे में है उन पर भी कानून सम्मत कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी सदर आकाश जोशी, सीओ प्रेमलाल टम्टा आदि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *