निराशाजनक रहा मुख्यमंत्री का कोटद्वार दौरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : किसान नेता पातीराम ध्यानी ने 31 जनवरी को मुख्यमंत्री के कोटद्वार दौरे को निराशाजनक बताया है। कहा कि मुख्यमंत्री ने कोटद्वार को किसी भी तरह की सौगात नहीं दी। जबकि, जनता को विकास की बेहतर योजनाओं के घोषणा की उम्मीद थी।
पातीराम ध्यानी ने कहा कि स्थानीय जनता पिछले कई वर्षों से बेहतर विकास की उम्मीद कर रही है। लेकिन, विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कुछ छोटी योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने की घोषणा कर वापस चले गए। जबकि कोटद्वार को जिला बनाए जाने, मेडिकल कालेज, लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग को रामनगर तक जोड़ने को लेकर एक शब्द भी नहीं कहा। कहा कि कोटद्वार में मेडिकल कालेज के लिए भूमि भी चयनित है, जहां पर खननकारियों ने गहरे गड्ढे कर दिए है। चारदीवारी को भी नुकसान पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए आधी-अधूरी घोषणा की है, जबकि यह मार्ग गढ़वाल व कुमाऊं मंडल को जोड़ता है, जिसको जनहित में बनाया जाना जरूरी है। कहा कि कोटद्वार जिला भी भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में है। लेकिन, कोटद्वार को जिला बनाने के लिए भी कोई घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के लिए प्रदेश सरकार को निर्देशित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *