चारधाम यात्रा के चलते मुख्य सचिव ने किया केदारनाथ का निरीक्षण

Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निमाण कार्यों का जायजा एवं निरीक्षण के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव ड़ एसएस संधु गुरुवार को केदारनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने धाम में हो रहे कार्यों से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही निर्माण कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अफसरों और कार्यदायी संस्थाओं को दिए। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए मुख्य सचिव ने केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी मनुज गोयल सहित यहां मौजूद अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी मनुज गोयल को निर्देश देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण से संबंधित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, विद्युत व्यवस्था को सुचारु रखे जाने तथा कार्य कर रहे मजदूरों को स्वास्थ्य सुविधा सहित रहने व खाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। केदारनाथ धाम को जोड़ने वाले समस्त यात्रा मार्ग में नेटवर्क की उचित व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अफसरों को निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि धाम में चल रहे कार्यों को देखते हुए पर्याप्त संख्या में जेई की तैनाती भी की जाए। यदि किसी जेई को पूर्व में तैनाती के निर्देश दिए गए हैं और उनके द्वारा अपनी तैनाती नहीं दी गई है तो संबंधित के विरुद्घ आवश्यक कार्यवाही की जाए। मुख्य सचिव द्वारा यात्रा के दौरान बेहतर स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया। इस मौके पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, मुख्य अभियंता लोनिवि अहमद, जिलाधिकारी मनुज गोयल, संयुक्त सचिव केदारनाथ उत्थान ट्रस्ट, अधीक्षण अभियंता लोनिवि राजेश चंद्र शर्मा, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रवीण कर्णवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत डीएस चौधरी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित कई विभागीय अफसर एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *