बाल संरक्षण समिति सक्रियता से कार्य करें : डीएम

Spread the love

राजकीय संप्रेषण गृह गडोली में पेयजल पाइपलाइन कार्य शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की त्रैमासिक बैठक जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बच्चों के हित से जुड़े प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
गत बैठक में जिलाधिकारी द्वारा राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) गडोली के लिए अतिरिक्त पाइपलाइन की स्वीकृति दी गयी थी। जल संस्थान द्वारा प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। वर्तमान में जिलाधिकारी द्वारा धनराशि स्वीकृत कर उक्त कार्य की स्वीकृति दी गयी थी, जिस पर 13 फरवरी से कार्य शुरू हो चुका है। जिलाधिकारी ने पॉक्सो पीड़िताओं एवं बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत बालिकाओं के लिए “खुशियों की सवारी” सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक परिवहन सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने नशामुक्ति से संबंधित रिपोर्ट पृथक रूप से प्रस्तुत करने तथा बच्चों एवं किशोरों को नशे से दूर रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने राजकीय संप्रेषण गृह, गडोली में मरम्मत कार्य, खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा पुस्तकालय विकसित करने को कहा, ताकि वहां निवासरत किशोरों को बेहतर वातावरण मिल सके। डीएम ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों को रोस्टर के अनुसार नियमित फील्ड निरीक्षण करने एवं जिला मुख्यालय में नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके। जिलाधिकारी ने बाल पंचायत के आयोजन पर भी सहमति प्रदान की। जिलाधिकारी ने ग्राम एवं ब्लॉक स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय करने तथा जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से बाल शोषण, उत्पीड़न, बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। बैठक में जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, सहायक अर्थ एवं संख्याधिकारी रणजीत सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर रावत, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राकेश चंद्र, सदस्य गंगोत्री नेगी, सुनीता भट्ट, अमन, अभिषेक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *