जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत बाल भारती पब्लिक स्कूल में पांरपरिक लोक पर्व फूलदेई पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने घर-घर जाकर देहरी पर फूल सजाने की लोक परंपरा का सांकेतिक प्रदर्शन किया। साथ ही पारंपरिक लोक गीतों की भी प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू देवी ने किया। विद्यालय के छोटे बच्चों ने फूलदेई से जुडे़ पारंपरिक गीत फूल-देई, छम्मा-देई की प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। तत्पश्चात बच्चों ने घर-घर जाकर देहरी में फूल सजाने की परंपरा का भी निर्वहन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू देवी ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि फूलदेई पर्व प्रकृति, खुशहाली और आपसी प्रेम का संदेश देता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को मिठाई व दही वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह व आनंद का वातावरण बना रहा। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों के उत्साह व प्रस्तुति की सराहना की।