जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना ने बच्चों को सामाजिक बुराईयों से दूर रहकर बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने की सीख दी। कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें इस भविष्य को बेहतर बनाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया।
शुक्रवार को प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, सचिव डा. एसके बरनवाल व डा. एसके सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर दिया। गीता खन्ना ने कहा कि भारतीय संविधान में बच्चों के लिए विशेष अधिकार बनाए गए हैं। सभी विद्यालयों में बच्चों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करवाना विभाग का दायित्व है। कहा कि विद्यालय में बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण न हो इसके लिए भी स्कूलों में व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के लिए दिशा निर्देश दिए गए है। कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं के आयोजन से स्कूली बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग बाल संरक्षण अधिकारों को पालन करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, नशा उन्मूलन व शिक्षा के अधिकार की जानकारी साझा की। कार्यशाला में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग विभाग की तरफ से बच्चों को साइबर अपराध, गुड टच व बैड टच सहित नशे के प्रति सचेत रहने के लिए प्रेरित किया गया। कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, सड़कों पर कोई भी अप्रिय घटना की सूचना पुलिस विभाग को दें ताकि अपराधियों को सजा दी जा सके। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण कुमार, राकेश चंद्र विडालिया, सहायक नगर आयुक्त अजय कुमार, एमसी बेलवाल, विनोद कुमार, महबूब खान, राजीव सेमवाल, डा. कुसुमा रावत मौजूद रहे।