जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : भारतीय रेनबूकन कराटे डू एसोशिएशन के तत्वावधान में बुधवार को प्रथम जिला स्तरीय कराटे चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण लेना चाहिए, जिससे जरूरत के समय इसका प्रयोग कर स्वयं को सुरक्षित रख सकें। कहा कि आज के समय में बगैर हथियार के अपनी सुरक्षा करना ही मार्शल आर्ट है। आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट की विद्या में पारंगत होना जरूरी है। कराटे शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाती है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सतपुली जितेंद्र चौहान, देवेश्वरी, सोनू कुमार, मेवा लाल गौड़ ने रिबन काटकर किया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सब जूनियर बालिका वर्ग में हिमाशी प्रथम, गुंजन द्वितीय और शिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में रूद्रा डोबरियाल प्रथम, अखलेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में आराध्या, संजना, किरन, लाइट वर्ग में दिया, अर्चना, श्वेता ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजेन्द्र सिंह ने किया। इस मौके पर अंकुर श्रीवास्तव, विजय सिंह, मीनाक्षी, सुमन, आरती, अवधेश, उदय सिंह, गौरी, अश्विन, रविन्द्र आदि मौजूद थे।