18 से 23 अप्रैल तक बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

Spread the love

-जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने अधिकारियों को दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के तहत आगामी 18 से 23 अप्रैल तक एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से एल्बेंडाजोल की दवा वितरित की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग व कार्यक्रम को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले शिक्षा, पंचायतीराज, बाल विकास, सूचना, नगर निकाय सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जनपद के सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा वितरित करना सुनिश्चित करें। कहा कि जो बच्चे उक्त दिवस में किसी कारण दवा खाने से वंचित रह जाते हैं उन बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकत्र्ता के माध्यम से 20 से 23 अप्रैल के बीच घर-घर जाकर दवा खिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जनपद के सरकारी-गैर सरकारी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों के अतिरिक्त अन्य संस्थानों के बच्चों को भी अनिवार्य रूप से दवा वितरण की जाए। उन्होंने जिला पंचायतीराज अधिकारी को सभी विकासखंडों के साथ-साथ ग्राम सभा व ग्राम पंचायतों की बैठक के दौरान लोगों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने कहा कि एक से दो वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली और उससे अधिक वर्ष वाले बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, ईओ नगर पालिका पौड़ी प्रदीप बिष्ट, राजीव, जसबीर, डॉ. पंकज जुयाल, डॉ. रमेश नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *