चीनी मिल कर्मियों ने वेतन को सांकेतिक धरना दिया

Spread the love

काशीपुर। वेतन में आ रही दिक्कतों और अन्य मांगें पूरी नहीं होने से नाराज चीनी मिल कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन पर तीन घंटे तक सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। साथ ही शीघ्र वेतन नहीं मिलने और अन्य मांगें पूरी होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। सोमवार सुबह करीब नौ बजे चीनी मिल से जुड़ी जिला चीनी मिल कर्मचारी यूनियन, चीनी मिल मजदूर सभा, चीनी उद्योग कर्मचारी ट्रेड यूनियन, जिला सहकारी आसवनी श्रमिक संघ, तराई चीनी मिल मजदूर यूनियन से जुड़े श्रमिक नेता और कर्मचारी प्रशासनिक भवन पहुंचे। यहां उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया। इसके बाद उन्होंने धरनास्थल पर सभा की। तराई चीनी मिल मजदूर यूनियन के नेता वीरेंद्र सिंह ने कहा श्रमिकों ने कई बार अपनी गंभीर समस्याओं को प्रबंधन के सामने रखा। इसके अलावा लिखित में भी समस्याओं को दूर करने की मांग की। लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर धोखे में रखा जाता है।श्रमिक नेता विशेष चंद शर्मा ने कहा कर्मचारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च माह का वेतन नहीं मिला है। इससे उनके समक्ष परिवार के भरण-पोषण की समस्या गहराने लगी है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से जल्द वेतन देने की मांग की। कहा अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इसके बाद उन्होंने दोपहर 12 धरना समाप्त कर दिया। यहां गेंद राज, अभय प्रकाश, कुलदीप सिंह, राम अवतार, नरेंद्र शर्मा, नरेंद्र शर्मा, रम्मी शर्मा, कुलदीप सिंह, गौरव ठाकुर, जीवन सिंह, शकील आदि रहे।

प्रबंधन के पास अभी धनराशि पूर्ण नहीं है। इसलिये कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है। धनराशि की व्यवस्था की जा रही है। जैसे ही व्यवस्था होती है, कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जाएगा। – प्रकाश चंद, जीएम, चीनी मिल, बाजपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *