जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में व्याप्त समस्याओं का निराकरण नहीं होने से आक्रोशित नागरिक मंच ने प्रशासन व नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम समस्याओं को लेकर लापरवाह बना हुआ है।
गुरुवार को नागरिक मंच के साथ ही अन्य संगठनों के सदस्य गोखले मार्ग पर एकत्रित हुए। वक्ताओं ने कहा कि कोटद्वार गढ़वाल का द्वार है। ऐसे में यहां की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। लेकिन, सरकारी सिस्टम सुविधाओं को लेकर लापरवाह बना हुआ है। लगातार शिकायत के बाद भी नगर निगम व स्थानीय प्रशासन अतिक्रमण को लेकर लापरवाह बना हुआ है। सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे बुरी स्थिति गोखले मार्ग, स्टेशन रोड, नजीबाबाद रोड, देवी रोड, मानपुर रोड, झंडाचौक व बदरीनाथ मार्ग पर बनी हुई है। रेहड़ी-ठेली के साथ ही सड़क पर रखा दुकानों का सामान व्यवस्था में बाधा बन रहा है। मंच ने सड़क पर घूम रहे गोवंशों के संरक्षण पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी नगर निगम गोवंश संरक्षण को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। नतीजा, गोवंश राहगीरों पर हमला कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व देवी रोड पर भी गोवंश ने एक राहगीर पर हमला कर दिया था। मंच ने मोटर नगर में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण नहीं होने पर भी रोष व्यक्त किया है। कहा कि आधुनिक बस अड्डे के नाम पर दशकों से केवल एक गड्ढा ही नजर आ रहा है। इससे पता चलता है कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर नहीं है। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी, महासचिव अतुल भट्ट, गोपाल कृष्ण, दिनेश जुयाल, मुजीब नैथानी, विजय माहेश्वरी, राकेश लखेड़ा, विपुल उनियाल, राकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।