समस्याओं पर नागरिक मंच ने जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अतिक्रमण, पार्किंग सहित विभिन्न समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर नागरिक मंच ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम समस्याओं को लेकर लापरवाह बना हुआ है। यदि समय पर समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन चलाया जाएगा। जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समस्याओं के संबंध में मंच ने नगर आयुक्त पीएल शाह को ज्ञापन दिया। मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी ने कहा कि मंच पिछले लंबे समय से समस्याओं के निराकरण को लेकर संघर्ष कर रहा है। शहर में निराश्रित गोवंश, अवैध अतिक्रमण, पार्किंग, मोटर नगर बस अड्डा सहित दर्जनों ज्वलंत समस्याएं जस की तस बनी हुई है। जिन पर नगर निगम प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। जिसके कारण शहर विकास के क्षेत्र में लगातार पिछड़ता जा रहा है। कहा कि शहर में अतिक्रमण होने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर निगम क्षेत्र में नियमित रूप से बाहरी क्षेत्रों के लोगों का सत्यापन भी नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण आपराधिक घटनाएं बढ़ने की संभावना है। कहा कि निराश्रित गोवंश के लिए अभी तक स्थाई ठिकाना नहीं बनवाया गया है, जिसके कारण अभी भी बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश सड़कों पर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके कारण सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही है, साथ ही गोवंश चोटिल भी हो रहा है। कहा कि नगर की प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर वरिष्ठ नागरिक संगठन, व्यापार संघ, पूर्व सैनिक लीग, पूर्व सैनिक संगठन, अर्घ सैनिक बल संगठन, ग्रामीण विकास नागरिक मंच सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से दो अप्रैल को गोखले मार्ग के समीप धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *