नई टिहरी : नागरिक मंच ने मंगलवार को दो टाइम पानी देने की मांग को लेकर डीएम मयूर दीक्षित से मुलाकात की। नागरिक मंच की बैठक में हुए निर्णयों को लेकर उचित और ठोस कार्यवाही करने की मांग डीएम से की। विभिन्न मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन भी सौंपा। नागरिक मंच ने मांगों व निर्णयों को सौंपे गये ज्ञापन में डीएम से कहा है कि परिवहन कार्यालय के भवन निर्माण तत्काल शुरू करवाया जाय। सम्भागीय परिवहन कार्यालय के लिए भूमि चयन की जानकारी पूर्व में दी गई, किंतु अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। तत्कालीन डीएम सचिन कुर्वे से नगर के लोगों को दो टाइम पानी देने की सहमित बनी थी। जिस पर आज तक अमल नहीं हो पाया है। नगर वासियों को दो टाइम शुद्ध पेयजल दिया जाय। जलकर के बिलों को लेकर भी समिति के निर्णय होने तक कार्यवाही न की जाय। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की आज तक नियुक्ति न होन पर कहा कि शहरवासियों को पर्याप्त चिकित्सा सेवा नहीं मिल पा रही है। टीएचडीसी से शवदाह घाट व यहां पर पर्याप्त लकड़ी की व्यवस्था करने, नगर के शौचालयों में पर्याप्त सफाई की व्यवस्था करवाने व नगर के मुख्य चौराहों पर फड़ों व ठेलियों को व्यवस्थित रूप से लगवाने की मांग की। डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल, चंडी प्रसाद डबराल, जगजीत सिंह नेगी, यूएस नेगी, डा राकेश भूषण गोदियाल आदि शामिल रहे। (एजेंसी)