देहरादून()। दून के रेंजर्स ग्राउंड में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। ग्राउंड का भारी-भरकम लोहे का स्लाइडिंग गेट बंद करते समय अचानक एक सिटी बस चालक के ऊपर गिर गया। गेट के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि चुक्खुवाला निवासी रोहित सोनकर ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी थी। बताया कि उनकी सिटी बस को जुम्मन गिरी उर्फ बल्ली (44 वर्ष) निवासी बिंदाल पुल के निकट, तिवारी मैटरनिटी हॉस्पिटल के पास स्थित बिंदाल बस्ती चलाता था। सिटी बस को प्रतिदिन रात में रेंजर्स ग्राउंड में ही पार्क करता था। सोमवार रात वह बस खड़ी करने के बाद जब ग्राउंड का लोहे का स्लाइडिंग गेट बंद कर रहा था, तभी गेट ट्रैक से उतरकर सीधे उसके ऊपर आ गिरा। भारी गेट के नीचे दबने से वह बुरी तरह घायल हो गया। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े। तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायल को दून अस्पताल पहुंचाया। तब तक जुम्मन की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। मंगलवार को धारा चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने शव का पंचनामा भरा। तब शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।हादसे पर सिटी बस संचालकों में आक्रोशसरकारी मैदान में हुए इस जानलेवा हादसे के बाद बस संचालकों और मालिकों में भारी आक्रोश है। महानगर सिटी बस सोसाइटी के अध्यक्ष नेता विजय वर्धन डंडरियाल ने गेट के निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े मैदान में ऐसा कमजोर और खतरनाक गेट लगाया गया। जिसकी कीमत एक गरीब चालक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।