सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन, जाम हो रहा शहर

Spread the love

अव्यवस्थाओं के कारण बेपटरी हो रहा शहर का यातायात
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में यातायात व्यवस्था लगातार बेपटरी होती जा रही है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन व रेहड़ी ठेली जाम का मुख्य कारण बन रही है। लाख शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम शहर में पार्किंग स्थल की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है।
पुलिस व नगर निगम शहर में व्यवस्थाओं को सुधारने के दावे कर रहे हैं। लेकिन, धरातल की स्थिति कुछ और ही बयां कर रही है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन व जगह-जगह घूमने वाली रेहड़ी-ठेली जाम का मुख्य कारण बन रही है। रविवार को देवी रोड, नजीबाबाद रोड व बदरीनाथ मार्ग में वाहनों का लंबा जाम देखने को मिला। जाम के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। नजीबाबाद चौराहे में तैनात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। देवी रोड निवासी संजय सिंह, रजत कुमार ने बताया कि शहर में पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण व्यवस्थाएं बेपटरी होती जा रही है। अधिकांश व्यक्ति अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर बाजार घूमने निकल जाते हैं। जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *