कोटद्वार-पौड़ी

वर्षाकाल में शहर की सड़कें बन रही तालाब

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वर्षाकाल में शहर की सड़के तालाब के रूप में तब्दील हो रही है। जगह-जगह जलभराव होने के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है। बारिश ने निगम की ओर से शहर में नालियों की सफाई के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
नगर निगम वर्षा से पूर्व नालियों की सफाई करवाने के दावे कर रहा था। लेकिन, वर्षा ने निगम के इन दावों की पोल खोलकर रख दी। सोमवार को हुई बारिश से शहर की सड़के तालाब बन गई। देवी रोड, मानपुर, पुराना सिद्धबली मार्ग सहित अन्य स्थानों पर घुटने-घुटने तक पानी भरा हुआ था। वर्षा थमने के बाद भी सड़कों की वही स्थिति नजर आई। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को आवाजाही करने में उठानी पड़ी। वाहन चालक तो किसी तरह निकल जा रहे थे। लेकिन, पैदल चलना एक चुनौती बन रही थी। शहरवासी सुभाष रावत, अमनदीप ध्यानी ने बताया कि वर्षाकाल से पूर्व शहर में नालियों की सफाई करवाई जाती है। लेकिन, नगर निगम ने केवल मुख्य क्षेत्रों में ही नालियों की सफाई करवाई है। जबकि, कई स्थानों पर अब भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। जगह-जगह पानी जमा होने से लोगों को संक्रामक बीमारियों का भी खतरा सताने लगा है। जबकि, वर्षाकाल में डेंगू भी अपने पैर पसारने लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!