जयनत प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को बाजार व भाबर क्षेत्र में प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
बुधवार को जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से व्यापार मंडल सभागार में बैठक आयोजित की गई। मंडल के महामंत्री लाजपत राय भाटिया ने कहा कि बांग्लादेश में बहुसंख्यक हिंदू अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न कर रहे हैं। चुन-चुन कर हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए केंद्र सरकार को राजनैतिक दबाव बनाना चाहिए। कहा कि बांग्लादेश में हो रही घटनाओं के विरोध में व्यापारियों ने दोपहर 12 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान सभी व्यापारी हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्रित होकर बांग्लादेश के खिलाफ आंदोलन भी करेंगे। साथ ही राष्ट्रपति को भी पत्र भेजा जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, रवींद्र नेगी, विष्णु अग्रवाल, हरीश बहरानी, कैलाश अग्रवाल, नवीन गोयल, सुबोध कर्णवाल, सुनील गोयल आदि मौजूद रहे।