जनभागीदारी से निखरता शहर का गौरव : सीडीओ

Spread the love

शरदोत्सव 2025 : परंपरा, पर्यटन और प्रतिभा का संगम
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ तीन दिवसीय शरदोत्सव का आगाज
स्कूली बच्चों ने झांकियों के माध्यम से दिया स्थानीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पौड़ी शरदोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आगाज हो गया। विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं ने रूट मार्च व झांकी निकालकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। स्कूली बच्चों ने झांकियों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। वार्ड संख्या तीन, पांच, आठ और नौ के लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित झांकियों की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। शरदोत्सव के सफल आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से जनपदवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने शरदोत्सव को पौड़ी की सांस्कृतिक अस्मिता, लोक परंपराओं और जनभागीदारी का उत्सव बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय उत्पादों के संवर्धन में महत्वपूर्ण हैं।


गुरुवार को पौड़ी में चार दिवसीय शरदोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया। शहर के नेहरू मोंटेसरी स्कूल, सेंट जेम्स स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, हिल्स इंटरनेशनल, डीएवी इंटर कॉलेज, सेंट थॉमस, मैसमोर इंटर कॉलेज, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर, गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, भगतराम स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आदि स्कूलों के बच्चों ने शहर में मार्च पास्ट के साथ झांकियां निकाली। शरदोत्सव में बाल विकास विभाग, एनआरएलएम/एनयूएलएम, भारतीय डाक विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग आदि विभागों द्वारा स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने शरदोत्सव का उदघाटन करते हुए कहा कि सांस्कृतिक संरक्षण व पर्यटन को बढ़ावा देने वाले ऐसे भव्य कार्यक्रमों में आगे भी जिला प्रशासन का सहयोग निरंतर जारी रहेगा। कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों और युवाओं को अपनी विविध प्रतिभाओं को प्रस्तुत करने का मंच मिलता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता पर आधारित ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करते हैं। कहा कि जनभागीदारी से शहर का गौरव निखरता है। शरदोत्सव 2025 परंपरा, पर्यटन और प्रतिभा का संगम है। जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला ने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन समूचे जनपद को एक सांस्कृतिक सूत्र में पिरोते हैं। कहा कि पर्वतीय संस्कृति को नए आयाम देने और स्थानीय शिल्प, कला व लोक परंपराओं को प्रोत्साहन देने में ऐसे उत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा, प्राचार्य भातखण्डे संगीत महाविद्यालय अनिल बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्थवाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी व राजेन्द्र टम्टा, व्यापार संघ पौड़ी के सचिव देवेंद्र रावत, कोषाध्यक्ष दिलबर सिंह भंडारी आदि मौजूद थे।

शरदोत्सव से पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पौड़ी शरदोत्सव नगर की सामूहिक ऊर्जा, सृजनशीलता और प्रगतिशील सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों में जनता का सहयोग अमूल्य है। कहा कि शरदोत्सव न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देता है बल्कि नगर के पर्यटन आकर्षण को भी नई पहचान प्रदान करता है, जिससे आर्थिक व सामाजिक विकास को गति मिलती है।

स्थानीय उत्पादों की खरीदारी
शरदोत्सव में बाल विकास विभाग, एनआरएलएम/एनयूएलएम, भारतीय डाक विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग आदि विभागों के स्टॉलों का मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत द्वारा अवलोकन किया गया। आगंतुकों ने विभागीय स्टॉलों से महत्वपूर्ण जानकारी, योजनाओं के लाभ एवं स्थानीय उत्पादों की खरीद का भरपूर लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *