हरियाणा में पुलिस और ग्रामीणों में झड़प, लाठीचार्ज में एक किसान की मौत और कई घायल, आंसू गैस के गोले भी दागे

Spread the love

हिसार (हरियाणा) , एजेंसी। हरियाणा के हिसार जिले के खेदड़ में ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प में एक किसान की मौत की खबर है। पुलिस वालों समेत कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी सूचना है। मृतक किसान की पहचान दिदारा गांव खेदड़ निवासी 56 वर्षीय धर्मपाल के रूप में हुई है। प्रशासन ने अभी मौत की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया। झड़प में प्रदर्शनकारियों और पुलिस दोनों को चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया। बता दें कि 86 दिन से खेदड़ पावर प्लांट के सामने ग्रामीणों का धरना चल रहा है। शुक्रवार को ग्रामीण रेलवे ट्रैक को जाम करने जा रहे थे। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान झड़प हो गई।
गोशाला संघर्ष समिति 86 दिन से धरनारत है। आंदोलन के 42वें दिन भी झड़प हुई थी। इस दिन भी पुलिस ने आंदोलनकारियों पर लाठियां फटकारी और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। पुलिस ने नाराज लोगों पर पानी की बौछारें भी की थी। पुलिस की धक्कामुक्की के बीच छह लोग घायल हो गए थे। एक महिला समेत दो लोगों को गंभीर चोट आई थी। यह झड़प उस समय हुई थी जब ग्रामीण खेदड़ स्थित राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट पर ताला जड़ने जा रहे थे।
गोशाला संघर्ष समिति के सदस्य राख के उठान का कार्य थर्मल प्लांट के प्रबंधन से ग्रामीणों को देने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्य से गोशाला का खर्चा चलता है। गोवंश का भरण-पोषण भी होता है। प्लांट प्रबंधन ने राख उठान का कार्य किसी अन्य को सौंपकर गोशाला की व्यवस्थाओं पर कुठाराघात किया है। इस मामले में समिति के मांगों के पूरा नहीं होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने का एलान किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *