जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम सफाई कर्मियों ने महापौर शैलेंद्र रावत को समस्याएं गिनवाते हुए उनके निराकरण की मांग उठाई। कहा कि नगर निगम को सफाई कर्मियों को हित को लेकर गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने महापौर से मुलाकात की। महासंघ के जिलाध्यक्ष शशि चैनवाल ने बताया कि सफाई कर्मी पूरी गंभीरता व ईमानदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। बावजूद कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है। कहा कि कर्मचारियों को अब तक दीपावली बोनस नहीं दिया गया है। मृतक कर्मचारियों की धनराशि का भी अब तक भुगतान नहीं हुआ है। जिसके कारण परिजन चक्कर काटने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने उन्हें माह में दो रविवार का अवकाश देने, 2500 रुपये झाडू भत्ता व 500 रुपये मानदेय देने, नगर निगम सफाई कर्मियों को नगर निगम कोटद्वार की प्रिंट टी शर्ट देने, बायोमैट्रिक मशीन को पंचायत शिवपुर से हटाकर देवी मंदिर, नजीबाबाद चौराह व सिम्मलचौड़ में लगवाने, अवकाश के दिन कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को ओवर टाइम भुगतान देने की मांग उठाई। इस मौके पर महासंघ के महामंत्री अनिल कुमार, रणजीत डुगलचा, प्रदीप आदि मौजूद रहे।