महाविद्यालय में चलाया स्वच्छता अभियान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र स्थित राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान महाविद्यालय में यूथ रेडक्रास इकाई का भी गठन किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया।
महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की अलग-अलग टोली ने स्वच्छता अभियान चलाया। जगह-जगह फैले कूड़े को एक जगह एकत्रित कर उसे नष्ट किया। साथ ही झाड़ियों का भी कटान किया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. अरविंद सिंह ने कहा कि स्वच्छ व स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए हमें सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अपने आसपास कहीं भी गंदगी एकत्रित न होने दें। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने के बजाय कूड़ेदान का उपयोग करें। इस दौरान विद्यार्थियों को जल के महत्व के बारे में भी बताया गया। कहा कि बिना जल हम धरती पर जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। जल है तो कल है। इस बात को हम सभी को समझना होगा और जल के संरक्षण पर ध्यान देना होगा। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डा. इंदु मलिक ने विद्यार्थियों को रेडक्रास के इतिहास व उसके महत्व के बारे में बताया। इस मौके पर डा. अनुराग शर्मा, डा. दिवाकर बौद्ध, डा. कविता अहलावत, भरत सिंह, जयदीप सिंह नेगी, गीता, अंजु थपलियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *