हवा में स्वच्छता अभियान, सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेर

Spread the love

शहर में सुबह दस बजे से पहले नहीं उठते सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेर
जगह-जगह फैली गंदगी से क्षेत्रवासियों को सता रहा संक्रामक बीमारियों का खतरा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भले ही नगर निगम शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के दावें कर रहा हो, लेकिन हकीकत यह है कि शहर में सुबह दस बजे से पहले सड़कों के किनारे लगे गंदगी के ढेर भी नहीं उठते। निगम की लापरवाही के कारण क्षेत्रवासियों को हर समय संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। पूर्व में शिकायत के बाद भी नगर निगम व्यवस्था को सुधारने का नाम नहीं ले रहा।
कोटद्वार नगर निगम बनने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर विकास की उम्मीद थी, लेकिन नगर निगम की सफाई व्यवस्था को भी बेहतर तरीके से नहीं संभाल पा रहा। हालत यह है कि सड़कों पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। ऐसे में राहगीरों को मुंह पर रुमाल लगाकर चलना पड़ता है। दुर्गंध के कारण आसपास के व्यापारियों का अपने प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासी संतोष कुमार, मनोज अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने कोटद्वार को नगर निगम तो बना दिया लेकिन, निगम में पर्याप्त सफाई कर्मी नहीं है। चंद सफाई कर्मियों के भरोसे पूरे शहर की व्यवस्था चल रही है। चालीस वार्डाें से कूड़ा उठाने में काफी समय लग जाता है।
बॉक्स समाचार- कूड़ेदान भी हुए गायब
नगर निगम की ओर से शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुछ माह पूर्व सड़कों के किनारे कूड़ेदान लगाए गए थे, लेकिन वर्तमान में सड़क से अधिकाशं कू ड़ेदान गायब हो चुके हैं। ऐसे में क्षेत्रवासी सड़क किनारे ही कूड़ा फेंक देते हैं। आवारा पशु कूड़े को मुंह में दबाकर सड़कों पर जगह-जगह बिखेर देते हैं। ऐसे में कई घरों के बाहर गंदगी जमा हो जाती है।
फोटो: 3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *