जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय नियमित शिविर लगाकर महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्यगीत द्वारा किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक रावत ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण के लिए स्वच्छता बहुत महत्वपूर्ण है। हम सभी को अपने आस-पास की सफाई की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। कार्यक्रम की सह-प्रभारी डॉ. प्रमिल्ला चौहान ने कहा कि स्वच्छता से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते है। हम सभी को स्वच्छता के नियमों का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर स्वयं सेवकों ने महाविद्यालय परिसर एवं जल स्रोत के आसपास की साफ-सफाई की। मुख्य द्वार के अंदर की तरफ से खरपतवार को हटाया गया एवं कचरे में एकल उपयोग प्लास्टिक को इकट्ठा कर उसका निस्तारण किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र चन्द्र सिंह, कर्मचारी नरेश चन्द्र आदि उपस्थित रहे।