जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने आउटसोर्स पर्यावरण मित्रों को समय पर मानदेय नहीं मिलने पर बुधवार को दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक समस्याएं हल नहीं होती तब तक कार्य बहिष्कार जारी रखा जाएगा।
बता दें कि पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार से शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बुधवार को नगर पालिका के सभी पर्यावरण मित्रों ने कार्य बहिष्कार करते हुए नगर पालिका परिसर में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर पालिका में आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत पर्यावरण मित्रों का मानदेय महीने की 15 से 20 तारीख तक आता है, जिससे आउटसोर्स से नियुक्त पर्यावरण मित्रों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार समस्या के हल की गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार का टेंडर निरस्त करने, आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए अलग से टीम गठित करने, एनपीएस कर्मचारी के एनपीएस का पूरा पैसा उनके खाते में जमा करने के साथ ही आउटसोर्स पर्यावरण मित्रों की समस्या निराकरण की मांग की। कार्यबहिष्कार करने वालों में संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीन कुमार घाघट, नगर अध्यक्ष मुकेश डिंगिया, जिला सचिव संजीव रिजौरा, नगर सचिव राहुल टांक, राजू रेडियान, सुनील राजवंशी, सियानंद, दीपा, विमला, कमला देवी, विपिन रानी, कमला रानी आदि मौजूद रहे।