दो महीने से वेतन न मिलने पर सफाई कर्मियों ने नगर निगम में दिया सांकेतिक धरना

Spread the love

पार्षद ने लगाया यूपी के लोगों का रोजगार देने का आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय में सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान पार्षद सौरव नौडियाल ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
शुक्रवार को नगर के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने पार्षद सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। पार्षद सौरव नौडियाल ने बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है। कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नही दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तरप्रदेश के लोगों का फर्जी आधार कार्ड बनाकर उन्हे नगर निगम में रोजगार दिया जा रहा है जो स्थानीय लोगों के साथ अन्याय है। कहा कि अगर स्थानीय लोगों को छोड़कर उत्तर प्रदेश के लोगों को ही रोजगार देना है, तो नगर निगम कोटद्वार से हटाकर उत्तर प्रदेश ही शिफ्ट कर देना चाहिए। सफाई कर्मचारी अशोक कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर के किसी कर्मचारी ने उनसे 5200 रूपये लेकर नगर निगम में पक्का कराने के नाम पर उनसे ठगी की है। कहा कि पक्का करना तो दूर उल्टा उन्हे काम से निकाल दिया गया है। कहा कि पीएफ के नाम पर वेतन से 1400 रूपये मासिक कटता है लेकिन वह मात्र 600 रूपये ही होता है। तो वहीं ईएसआई के 360 रूपये कटते हैं मगर उसका भी अब तक कार्ड नहीं बन पाया है।
नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने कहा कि अभी तक लिखित मेें केवल वेतन के लिये ही पत्र दिया गया है जिस पर कार्यवाही जारी है, जल्द ही कर्मचारियों का वेतन उनके अकाउंट में भेज दिया जायेगा। कहा कि अगर कर्मचारियों द्वारा किसी अन्य विषय में शिकायत मिलती है तो उस पर भी कार्यवाही की जायेगी। इस मौके पर पार्षद सौरव नौडियाल, धमेंद्र, सुरेंद्र, आकाश,वेदपाल, नवीन कुमार, अजय कुमार, हेमंत, अशोक कुमार, नरेश कुमार, शेखर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *