सीएम धामी ने दिया मजबूत राजनीतिक संदेश

Spread the love

देहरादून : उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चली आ रही नेतृत्व परिवर्तन की परंपरा को तोड़ते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर मजबूत राजनीतिक संदेश दिया है। कार्यकाल के अंतिम वर्ष में जहां आमतौर पर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो जाती थीं, वहीं धामी सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार कर यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में अब स्थिरता और प्रदर्शन आधारित राजनीति को प्राथमिकता दी जा रही है। धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पहले ही मुख्यमंत्री को दोबारा मौका देकर एक नई राजनीतिक परंपरा की शुरुआत कर चुकी है। अब पांचवें वर्ष में किया गया यह मंत्रिमंडल विस्तार इस बात का संकेत है कि सरकार किसी भी तरह के प्रयोग के बजाय निरंतरता और विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए चेहरों में भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा, राजपुर रोड (देहरादून) से खजान दास, रुड़की से प्रदीप बत्रा, रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी तथा हरिद्वार से मदन कौशिक शामिल हैं। इन नेताओं के शामिल होने से क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ संगठनात्मक मजबूती भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विस्तार केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक रणनीतिक कदम है। इससे जहां एक ओर सरकार के कामकाज में तेजी आएगी, वहीं दूसरी ओर आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन और सरकार के बीच तालमेल भी मजबूत होगा। मुख्यमंत्री धामी को केंद्रीय नेतृत्व का भी पूरा समर्थन प्राप्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का विश्वास उनके नेतृत्व को और मजबूती प्रदान कर रहा है। यही वजह है कि धामी अब केवल एक कार्यकाल के मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि भविष्य की राजनीति के अहम चेहरा बनकर उभर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इस फैसले से यह संकेत भी मिला है कि 2027 का विधानसभा चुनाव धामी के नेतृत्व में ही लड़ा जा सकता है। कुल मिलाकर, उत्तराखंड की राजनीति में यह बदलाव एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां अस्थिरता की जगह स्थिरता और परंपरा की जगह प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जा रही है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *