सीएम ने रूड़की क्षेत्र के लिए की तीन घोषणाएं

Spread the love

रूड़की में भाजपा कार्यालय का किया भूमि पूजन
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को रूड़की में भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने रूड़की क्षेत्र के लिए तीन घोषणाएं की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रूड़की के पठानपुरा से आदर्श नगर पैट्रोल पम्प तक आरसीसी नाला का निर्माण, रुड़की के मेन हाईवे से कान्हापुर तक बीएमएसडीबीसी द्वारा सड़क निर्माण, रुड़की के सोलानीपुरम की आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा सड़क व नाली निर्माण कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बाबा केदार एवं भगवान बद्रीविशाल के आशीर्वाद और सभी कार्यकर्ताओं की सेवा, समर्पण और पार्टी के प्रति सच्ची निष्ठा के बल पर रुड़की में पार्टी कार्यालय का भूमि पूजन संपन्न हुआ है। मुख्यमंत्री ने स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्मरण करते हुए कहा कि जनसंघ के रूप में उन्होंने ऐसे राष्ट्रवादी संगठन की नींव रखी जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में सम्पूर्ण विश्व का सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने स्व. दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण कर कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कि अटल के प्रधानमंत्रित्व काल में ही उत्तराखण्ड अलग राज्य बना। मुख्यमंत्री कहा कि प्रधानमंत्री श्र्नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग प्रारंभ हो चुका है। एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामथ्र्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में नई पहचान प्राप्त कर रहा है। उन्होेंने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की दौड़ में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। राज्य में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाना और गरीबों को तीन नि:शुल्क सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर सरकार द्वारा उठाए गए कदम इस बात का प्रमाण हैं कि आज राज्य सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रदीप बत्रा, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा शोभाराम प्रजापति एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *