गुंजी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया थ्रिलिंग माउंटेन बाइकिंग का शुभारंभ

Spread the love

 

पिथौरागढ़। भारत चीन सीमा से सटे उच्च हिमालयी क्षेत्र गुंजी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने थ्रिलिंग माउंटेन बाइकिंग का शुभारंभ किया । इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अयोजित इस बाइकिंग से सीमांत में पर्यटन कारोबार बेहतर होगा। उन्होंने कहा सरकार दारमा, व्यास व चौंदास घाटी में विकास के साथ पर्यटन कारोबार को प्रोत्साहित करने का काम करेगी।
बुधवार को सीएम धामी के गुंजी पहुंचने पर गुंजी व नाभी के ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। 10 हजार 433 फीट से 14 हजार 353 फीट की ऊंचाई तक हो रही बाइकिंग के लिए टीम को हरी झंडी दिखाते हुए सीएम ने कहा कि यहां इस आयोजन से नेपाल और चीन सीमा से सटे सीमांत क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे सीमांत में रहने वाले लोगों की आय में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इस साहसिक आयोजन से पलायन रूकेगा और पर्यटक भारी संख्या में यहां आएंगे। इससे सीमांत में होटल, टैक्सी, होम स्टे,ढाबा संचालकों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सीमांत के विकास के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान सीएम ने बासिंगखोला-रोंगकांग नाभी सड़क निर्माण की घोषणा की। उन्होंने डीएम को जल्द सड़क का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *