सीएम ने किया पूर्व पीएम वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और पार्क का लोकार्पण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रामपुरम, बाजपुर रोड, काशीपुर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती (सुशासन दिवस) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण एवं पार्क का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संपूर्ण देश आज ’’सुशासन दिवस’’ मना रहा है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि आज स्व. अटल जी की प्रतिमा का अनावरण काशीपुर की इस पुण्य भूमि में किया जा रहा है। कवि, वक्ता, प्रधानमंत्री एवं एक सरल व्यक्ति के रूप में अटल जी का संपूर्ण जीवन, राजनीतिक या सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले मेरे जैसे अनगिनत लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मुख्यमंत्रीो कहा कि अटल जी द्वारा दिखाए गए संकल्प पथ पर चल कर ही हम अपने सपनों का भारत बना सकते हैं। भारत के आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी दूरगामी सोच वाली परियोजना, परमाणु परीक्षण जैसे साहसी कदम अटल जी के नेतृत्व में इस देश ने देखी। अटल जी ने ही देश के विकास के लिए अलग लकीर खींचने का काम किया। शिक्षा, संचार तथा साफ्टवेयर तकनीक के क्षेत्र में अटल जी ने भारत का लोहा विश्व में मनवाया। सुशासन, सामाजिक सशक्तिकरण अटल जी का जीवन दर्शन था। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में अनेकों ऐतिहासिक कार्य करते हुए समस्त देशवासियों को अपने सामथ्र्य से परिचित कराया। उन्होंने राष्ट्र धर्म को हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर रखा, समानता और सामाजिक समरसता के प्रति वे सदा तन-मन से समर्पित रहे। उन्होंने कहा स्व. अटल जी का उत्तराखंड के साथ दिव्य रिश्ता है। स्व. अटल जी के नेतृत्व वाली सरकार ने ही उत्तराखंड राज्य की स्थापना कर हम सभी के सपनों को साकार करने का काम किया था। इस मौके पर केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी गणेश जोशी, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोड़ा, अरविन्द पाण्डेय, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग सायरा बानो, अध्यक्ष उत्तराखंड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड डॉ. अनिल कपूर डब्बू, अध्यक्ष एस.सी आयोग मुकेश कुमार, बीजेपी जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, बीजेपी प्रदेश मंत्री विकास शर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *