सीएम योगी ने अपनी जन्म स्थली मसालगांव में आने का दिया भरोसा

Spread the love

उत्तरकाशी। आने वाले यात्राकाल के दौरान उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तरकाशी जिले की बड़कोट तहसील के मसालगांव आने की संभावना है। मसालगांव के ग्रामीणों के निमंत्रण पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी जन्म स्थली मसालगांव में चारधाम यात्राकाल के दौरान आने का ग्रामीणों को भरोसा दिया। मसाल गांव के ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल में शामिल मंदिर समिति अध्यक्ष सकलचंद राणा, ग्राम प्रधान खेमराज सिंह राणा, मंदिर समिति उपाध्यक्ष रणवीर सिंह राणा, कोषाध्यक्ष हरिष्ण सिंह राणा ने लखनऊ उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्हें मसालगांव में निर्माणाधीन मां भगवती मंदिर के शिलान्यास करने का न्योता दिया। उन्होंने ग्रामीणों के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए चारधाम यात्रा काल के दौरान आने का आश्वासन दिया। योगी आदित्यनाथ की हामी के बाद ग्रामीण बेहद खुश हैं तथा यात्राकाल की बेसब्री से इंतजारी में हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष सकलचंद राणा ने बताया है कि केदार कांठा व केदार गंगा के तट पर स्थित ग्राम मसालगांव में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सन 1972 में जन्म हुआ था। उनके पिताजी स्व आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में उस दौरान सेवारत थे तथा मसालगांव में निवास करते थे। ग्रामवासी उन्हीं के करकमलों द्वारा माँ भगवती मन्दिर का शिलान्यास करवाने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। इसी को लेकर गांव का प्रतिनिधि मंडल लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री श्री योगी से मिलकर आया है और उन्हें मन्दिर के शिलान्यास का आमंत्रण दे आये हैं। उन्होंने बताया कि यूपी के मुख्यमंत्री श्री योगी जी ने हम सभी का भव्यता से बड़े आदर के साथ स्वागत किया और मसालगांव आने के आमंत्रण को उन्होंने स्वीकार किया, जिसके बाद से गाँव के ग्रामीण उनके इंतजार व भव्य स्वागत की तैयारी में हैं। बताया है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उनके बचपन की यादें ताजा हो गयी। ग्राम वासियों को उम्मीद है कि जल्द यूपी के मुख्यमंत्री योगी जी उनके बीच आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *